शारदीय नवरात्रि के पहले दिन अयोध्या के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ बड़ी देवकाली माता मंदिर में सुबह 4 बजे से ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। मंदिर परिसर 'जय माता दी' के नारों से गूंज उठा। दूर-दराज से आए भक्तों ने माता रानी का दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में माता का विशेष श्रृंगार किया गया था। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर दर्शन की व्यवस्था की। बड़ी देवकाली के अलावा छोटी देवकाली मंदिर, पाटेश्वरी मंदिर, बारा माता मंदिर, गुप्तारघाट स्थित दुर्गा मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ रही। मंदिरों के बाहर फूल-माला और प्रसाद की दुकानों पर रौनक दिखी।