सरयू का जलस्तर बढ़ने के बाद रामघाट पर अंतिम सफर भी मुश्किल हो गया है। नदी किनारे शवदाह स्थल पानी की चपेट में आने से अब टिन शेड में अंतिम संस्कार किया जा रहा है। मंगलवार को शव लेकर पहुंचे परिजनों को वहां तक पहुंचने के लिए दलदल से होकर गुजरना पड़ा। रास्ते में एक जगह संतुलन बिगड़ने से शव गिरते-गिरते बचा। शव को संभालने में एक बुजुर्ग पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। साथ चल रहे लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। रामघाट पहुंचे लोगों ने बताया कि कायाकल्प पर 4.84 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके बाद भी टिन शेड तक जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह पानी और कीचड़ है। शव को कंधा देकर आगे तक ले जाना जोखिम भरा हो गया है।