बाइक पर सवार होकर छोटे भाई रिहान की दवाई लेने मेरठ जा रहे बिजनौर के शिवाला कलां निवासी फैसल (22) की हादसे में मौत हो गई। उसकी मां नरगिस व रिहान घायल हो गए। बाइक फैसल चला रहा था। उसकी बाइक सलारपुर गांव के सामने हाईवे पर डिवाइडर से टकराई। घायल मां-बेटे को सीएचसी से रेफर कर दिया गया। शिवाला कलां निवासी इंतजार गांव-गांव में नींबू पानी का ठेला लगाते हैं। उन्होंने बताया कि पांच बेटों में दूसरे नंबर का फैसल बाहर रहकर काम करता था। उनके तीसरे नंबर के 12 वर्षीय बेटे रिहान को करीब दो महीने पूर्व खेलते समय आंख में कुछ चोट लग गई थी। मेरठ से उसका उपचार चल रहा हैै। मंगलवार सुबह फैसल बाइक से रिहान की दवाई लेने मेरठ जा रहा था। साथ में रिहान व फैसल की मां नरगिस भी थी। पुलिस ने बताया कि करीब 5 बजे हाईवे पर सलारपुर गांव के सामनेे बाइक हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक सवार दोनों भाई व उनकी मां घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी में लाया गया। यहां पर फैसल को मृत घोषित कर दिया। रिहान व नरगिस की हालत नाजुक होने के कारण रेफर कर दिए गए। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि हादसे में युवक की मौत का मामला सामनेे आया है। पुलिस कार्रवाई की जा रही हैै।