अमेठी सिटी: आय प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में लेखपाल अरुण त्रिपाठी के निलंबन को लेकर बुधवार को लेखपालों का आक्रोश सामने आ गया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की गौरीगंज तहसील शाखा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आपात बैठक के बाद एसडीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लेखपालों ने निलंबन वापस लेने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। संघ के तहसील अध्यक्ष कुलदीप यादव और मंत्री मनीष कुमार सरोज की ओर से एसडीएम को दिए पत्र में कहा गया कि अरुण त्रिपाठी को आय प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में बिना आरोप पत्र दिए निलंबित किया गया है। संघ का दावा है कि संबंधित प्रमाण पत्र जांच के बाद नियमानुसार जारी किया गया था और उसमें कोई त्रुटि नहीं थी। पदाधिकारियों ने एसडीएम पर बैठकों में लेखपालों के प्रति अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए इसे अनुचित बताया। संघ ने निलंबन 24 घंटे में वापस लेने की मांग की है। चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर लेखपाल रेवेन्यू ग्रुप छोड़ देंगे। इसके 10 घंटे बाद भी निलंबन वापस नहीं हुआ तो अतिरिक्त लेखपाल क्षेत्रों का काम नहीं करने और बस्ता जमा करने का निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई जारी रही तो कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि एसडीएम का तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि लेखपालों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे जिले के लेखपाल कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान अरविंद कुमार, त्रिभुवन कुमार, विशाल श्रीवास्तव, गौरव कुमार यादव और अंकिता गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।