अंबेडकरनगर। शुक्रवार की सुबह राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस लाइन में तैनात सिपाही संदीप कुमार का शव उसके कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। संदीप कुमार मूल रूप से मऊ जिले का रहने वाला था और पुलिस लाइन में मेस मुंशी के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि वह दो दिन की छुट्टी लेकर घर गया था और गुरुवार को ही वापस लौटा था। इसके अगले ही दिन उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। एएसपी तेजवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पारिवारिक कलह को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन जिला अस्पताल पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है।