अंबेडकरनगर। अकबरपुर के गोहन्ना गांव में मंगलवार दोपहर सात मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद हैं। टीम सात मकानों पर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं। मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मकानों को तोड़ने के लिए जब जेसीबी पहुंची तो मशीन के आगे महिलाएं और बच्चे खड़े हो गए।