सोमवार शाम अचानक आई तेज आंधी और बारिश से सम्मनपुर के लखनिया गांव में एक पोल्ट्री फार्म धराशायी हो गया। दीवार और छत के मलबे में दबकर पाले गए चूजे और मुर्गियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गांव निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक ने बताया कि सोमवार शाम अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होते ही फार्म की दीवारें हवा का दबाव नहीं सह सकीं और भरभराकर गिर गईं। इसके नीचे फार्म में मौजूद चूजे और मुर्गियां दब गईं। बड़ी संख्या में जिनकी मौत हो गई। हादसे में फार्म में लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य जरूरी सामान भी मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। संचालक ने बताया कि हादसे में लाखों रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मलबा हटाकर उसमें दबे पक्षियों को बाहर निकाला। बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत से मौके पर स्थिति खराब हो गई। पीड़ित ने प्रशासन से मौके पर नुकसान का आकलन कराने और दैवीय आपदा के तहत उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।