अंबेडकरनगर में जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के सादुलपुर मार्ग पर बिना अनुमति संचालित किए जा रहे स्पा सेंटर की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम ने जांच की। सूचना मिलने पर एसडीएम जलालपुर मधुमिता सिंह और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सेंटर ‘रॉयल स्पा’ के नाम से संचालित होना बताया गया है। जांच के दौरान मौके पर हरियाणा और कोलकाता की रहने वाली बताई जा रही दो युवतियां मिलीं। प्रारंभिक जांच में स्पा सेंटर संचालक के पास संचालन से संबंधित आवश्यक अनुमति और वैध दस्तावेज नहीं मिले। अधिकारियों ने सेंटर से जुड़े कागजात और अन्य बिंदुओं की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्पा सेंटर संचालकों में खलबली मच गई। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दस्तावेजों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।