अलीगढ़ शहर में बृहस्पतिवार को जनकपुरी के रूप में सजा नजर आया। राहों पर तोरण द्वार सजे थे और श्रद्धालु आरती की थाली लिए स्वागत को खड़े थे। टीकाराम मंदिर से प्रभु श्रीराम की बरात निकली तो शहर जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। दो बग्गियों में दूल्हे के रूप में विराजमान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती उतारने के लिए श्रद्धालु आतुर नजर आए।