आगरा। रेलवे स्टेशन पर पानी पीने से पहले अब यात्रियों को उसकी गुणवत्ता की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। आगरा मंडल में पेयजल की नियमित जांच के साथ वाटर कूलर, वेंडिंग मशीन और पानी की टंकियों की सफाई कराई जा रही है। सितंबर में 427 नमूनों की जांच हुई। पानी में कमी मिलने पर संबंधित विभाग को तत्काल सुधार के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं । आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि सितंबर में 344 अवशिष्ट क्लोरीन, 80 बैक्टीरियोलॉजिकल और तीन रासायनिक परीक्षण किए गए। कैंट, आगरा फोर्ट समेत प्रमुख स्टेशनों पर हर महीने पानी की जांच होती है। अन्य स्टेशनों पर छह महीने में बैक्टीरियोलॉजिकल जांच कराई जाती है। 20 अगस्त से विशेष सफाई और कीटाणुशोधन अभियान चल रहा है। कैंट पर 10 वाटर वेडिंग मशीन और 10 वाटर कूलर, आगरा फोर्ट पर छह मशीन और चार कूलर हैं। इनकी सफाई व रखरखाव कराया जा रहा है। संवाद