आगरा के बीएससी एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को एनएसयूआई के साथ कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया। विद्यार्थियों का आरोप है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कई बार विश्वविद्यालय के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। धरने के दौरान कई घंटे बीतने के बाद भी कुलपति कार्यालय में नहीं पहुंचीं। इससे नाराज विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में ‘कुलपति लापता हैं’ लिखे पोस्टर चस्पा कर दिए। छात्रों का कहना था कि जब वे अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के पास पहुंचते हैं तो उन्हें समाधान का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि बीएससी एग्रीकल्चर से जुड़ी समस्याओं को लेकर वे लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं। इसके बावजूद सुनवाई नहीं होने पर उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा। छात्रों ने मांग की कि उनकी समस्याओं पर विश्वविद्यालय प्रशासन तत्काल निर्णय ले।