आगरा। ताजमहल के 100 मीटर प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण कराने के आरोप में थाना ताजगंज पुलिस ने होटल संचालक आसिफ खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामला चौक कागजियान स्थित होटल इंडिया इन से जुड़ा है। एएसआई उपमंडल ताजमहल के कनिष्ठ संरक्षण सहायक रवि प्रताप मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई। होटल के प्रथम और द्वितीय तल पर ईंटों की चिनाई कर नया निर्माण और मरम्मत का काम कराया गया। एएसआई ने 25 जुलाई को निर्माण रोकने और निर्माण को हटाने का नोटिस जारी किया था। नोटिस मिलने के बाद भी निर्माण कार्य न तो हटाया गया और न रोका गया। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।