आगरा। दीपावली पर मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर-आंगन को फूलों से सजाने की परंपरा इस बार भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है। बालूगंज फूल मंडी में धनतेरस से छोटी दिवाली तक करीब 40 टन गेंदा बिक चुका है। गेंदे की बढ़ी मांग से फूल कारोबारियों के साथ किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं। दिवाली पूजन में गेंदे के फूल और मालाओं का विशेष महत्व माना जाता है। घर के मुख्य द्वार, मंदिर और पूजा स्थल को गेंदे की मालाओं और फूलों से सजाया जा रहा है। इस बार मंडी में कोलकाता के गेंदे की सबसे अधिक मांग रही। इसके अलावा रतलाम और शिवपुरी से भी बड़ी मात्रा में फूल पहुंचे। व्यापारियों के मुताबिक पिछले साल दिवाली के दौरान गेंदा करीब 150 रुपये किलो तक बिका था, जबकि इस बार आवक अच्छी रहने से भाव 50 से 80 रुपये किलो के बीच रहा। कम कीमत और अच्छी गुणवत्ता के कारण लोगों ने जमकर खरीदारी की। बड़ी दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए फूलों की मांग और बढ़ने की उम्मीद है।