बाह। खेड़ा राठौर के करनपुरी गांव में बकरी गाभिन कराने के रुपये मांगने पर पड़ोसी गांव उदयपुर कला के युवकों ने बुजुर्ग को डंडों से पीट दिया। पीआरवी (पुलिस) ने बुजुर्ग की जान बचाई। आरोप है कि हमलावर 3 बकरियां भी अपने साथ ले गए। करनपुरी के 60 वर्षीय सर्वेश कुमार ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर वह अपनी बकरी चरा रहे थे। तभी पड़ोस के गांव उदयपुर कला के 5-6 लड़के अपनी बकरी लेकर आए और गाभिन कराने की कहने लगे। गाभिन के बदले में 200 रुपये मांगने पर भड़के युवक डंडों से मारपीट करने लगे। जब वह जान बचाकर भागा, तो भी पीछा कर पीटते रहे। किसी ने 112 नंबर डायल कर दिया, जिस पर पहुंची पीआरवी ने जान बचाई। खेड़ा राठौर पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।