आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के चर्च रोड स्थित संस्कृति भवन परिसर की पार्किंग में स्कूटी खड़ी करने को लेकर इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रो. बीडी शुक्ला और छात्राओं के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ गया है। विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारियों ने छात्राओं के साथ पालीवाल स्थित कुलपति कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रोफेसर के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए प्रोफेसर के तत्काल निलंबन करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चार घंटे तक नारेबाजी की। एबीवीपी प्रांत सह-मंत्री पुनीत कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वायरल वीडियो में प्रोफेसर और छात्राओं के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। विवाद के दौरान प्रोफेसर ने एक छात्रा का मोबाइल फोन फेंक दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन के बाद एबीवीपी व जिन छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया उन्होंने कुलसचिव अजय मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा प्रो. बीडी शुक्ला के निलंबन व निष्पक्ष न्याय की मांग की। इस दौरान प्रांत राज्य विश्वविद्यालय संयोजक नितिन दुबे, हर्षवर्धन, रजत जोशी, धीरज राजपूत, दीक्षा चौधरी, अभिषेक मौर्य आदि उपस्थित रहे।