जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। नगरायुक्त ने अधिकारियों को दीपावली से पहले सभी संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा कराने, पोर्टल पर लॉगिन आईडी तैयार कराने और प्रगणकों को निर्धारित एन्यूमरेशन ब्लॉक आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं, जिससे फील्ड में काम शुरू होने पर किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रस्तावित स्व-गणना प्रक्रिया के लिए नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। शनिवार को नगर निगम स्मार्ट सिटी कार्यालय में नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को जनगणना पोर्टल के संचालन और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। नगर निगम के आईटी अधिकारी गौरव सिन्हा ने पोर्टल के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों का प्रशिक्षण दिया। इसमें प्रगणकों से संबंधित कार्यवाही, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का विभाजन, पोर्टल पर एचएलबी को मर्ज करने और प्रगणकों को ब्लॉक आवंटित करने की प्रक्रिया समझाई गई। अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरायुक्त श्रद्धा पांडेय, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, चार्ज अधिकारी (सीटीओ) शिवकुमार गौतम, जोनल अधिकारी अवधेश कुमार और गजेंद्र कुमार आदि माैजूद रहे।