आगरा। एकता थाना क्षेत्र में 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी (इंटर काॅलेज के संचालक का भतीजा) समर्पण की तैयारी में है। उसने किशोर न्याय बोर्ड में प्रार्थनापत्र दिया है। हाईस्कूल के प्रमाणपत्र लगाकर खुद के नाबालिग होने का दावा किया है। बोर्ड ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। मामले में 14 दिन पहले प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। किशोरी की मां का आरोप है कि बेटी को आरोपी 19 जुलाई की रात एक बजे घर से धमकाकर ले गया था। दुष्कर्म किया। मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। ब्लैकमेल करने लगा, मना करने पर वायरल कर दिया। पुलिस आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़ित परिजन ने आरोपी के बालिग होने की बात कही है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि मामले में पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।