आगरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार शाम रामबाग फ्लाईओवर से वाटरवर्क्स की ओर जा रही टाटा नेक्सन कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में फंसे चालक को राहगीरों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गनीमत रही कि उसे मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के चलते हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सिकंदरा के पथरी रोड निवासी अभिनव सेंगर पुत्र आत्माराम सोमवार शाम करीब 5 बजे टाटा नेक्सन कार से फिरोजाबाद से घर लौट रहे थे। रामबाग फ्लाईओवर पार कर वह वाटरवर्क्स की ओर बढ़ रहे थे। बताया गया है कि हाईवे किनारे ऑटो खड़े होने और भीड़ के चलते आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस पर अभिनव ने भी अपनी कार रोक दी। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद राहगीरों ने कार सवार को बाहर निकाला। कार के शीशे चकनाचूर हो गए और वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि सूचना पर यातायात पुलिस और डिवीजन चौकी पुलिस पहुंची। क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। ट्रक चालक को वाहन समेत पकड़ लिया गया है। कार चालक की तहरीर पर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।