आगरा-ग्वालियर हाईवे पर गांव बाद के पास शुक्रवार देर रात करीब 9:30 बजे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना इरादतनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुबारकपुर स्थित श्यामलाल की बगिया निवासी करीब 18 वर्षीय अभय अपने साथी नीरज के साथ बाइक से आगरा की ओर से अपने गांव लौट रहा था। इसी बीच गांव बाद के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि अभय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। इस बीच, करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। परिजनों ने हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया। एसीपी सैया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।