आगरा में गोवर्धन पूजा से पहले अन्नकूट की तैयारियों को लेकर बाजार में रौनक बढ़ गई है। अन्नकूट में भगवान गोवर्धन को 56 भोग के साथ तरह-तरह की सब्जियों का भोग लगाने की परंपरा है। इसी को देखते हुए बाजार में इस बार 100 से अधिक तरह की सब्जियां पहुंची हैं। इनमें कई ऐसी वैरायटी भी हैं, जो सामान्य दिनों में कम ही दिखाई देती हैं। बाजार में इस बार कई तरह की मिर्च के साथ केले के फूल की सब्जी, जमीकंद, अमेरिकन कद्दू और अलग-अलग किस्म के बैंगन लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। अन्नकूट के लिए खास तौर पर अलग-अलग आकार और स्वाद वाली सब्जियों की खरीदारी की जा रही है।