आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र के तेलीपाड़ा मोहल्ले में स्कूटी का हैंडल अनमोल की भाभी के हाथ में लगने पर शुरू हुआ मामूली विवाद पथराव और मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया और एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर फेंके। सूचना पर पहुंची पीआरवी और ताजगंज पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। मारपीट के बाद एक पक्ष के लोग घर का सामान बाहर फेंकते भी दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें बसई कलां के अनमोल, शिवम, चौब सिंह और तेलीपाड़ा के फैजान, बंटी, हुसैन, चांद व नसरु शामिल हैं।एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।