शिमला के देवालयों में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा की ओर से गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण में विशेष भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रात बारह बजे कान्हा का महिलाओं और पुरुषों ने नाच गाकर स्वागत किया। इस दौरान ढोल और नगाड़ों से मंदिर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने आज मथुरा दे विच अवतार हो गया श्याम निक्का जेया भजनों पर डांस किया। सुबह से लेकर देर शाम तक बिहारी जी के दर्शन करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कन्हैया के जन्मदिन पर भक्तों ने माखन मिश्री, नारियल, फल और मेवा का भोग लगाया। इस दौरान बहन रूपम शर्मा ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। इसमें नच लैण दे मैंनू भजन गाकर वाहवाही बटोरी। अंकुश खेतरपाल ने राधे-राधे श्याम मिला दे और श्याम हमारा है सहित कई भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। होशियारपुर से विशेष रूप से पहुंचे पुष्पिंदर महाराज ने श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसंगों और भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप की महिमा का वर्णन किया। होशियारपुर से विशेष रूप से पहुंचे पुष्पिंदर महाराज ने श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसंगों और भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप की महिमा का वर्णन किया। राजधानी के मंदिरों में रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इसके अलावा नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की और आया रे आया माखन चोर जैसे भजनों से भगवान श्रीकृष्ण का भव्य स्वागत किया गया। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं को बंद लिफाफों में प्रसाद वितरित किया। रात करीब 2:30 बजे तक मंदिर परिसर में रौनक बनी रही।