बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार को राजधानी शिमला में बैंकिंग सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं दिखा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की कालीबाड़ी मुख्य शाखा और मालरोड शाखा समेत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की अन्य शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य रूप से कामकाज हुआ। बैंकों में कर्मचारी नियमित रूप से अपने काम पर पहुंचे और ग्राहकों को रोजाना की तरह बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इससे उन ग्राहकों को राहत मिली, जिन्हें सोमवार को बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटाने थे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह यानी फाइव डे वीक समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से देशव्यापी हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया था। हड़ताल की घोषणा के चलते बैंक ग्राहकों के बीच सेवाएं प्रभावित होने को लेकर असमंजस की स्थिति थी। हालांकि, हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार को शिमला में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कामकाज सामान्य रहा। राजधानी की प्रमुख बैंक शाखाओं में दिनभर सामान्य गतिविधियां देखने को मिलीं। ग्राहकों ने बैंक पहुंचकर अपने नियमित काम करवाए और उन्हें अन्य कार्यदिवसों की तरह सेवाएं मिलती रहीं। हड़ताल स्थगित होने के कारण बैंकिंग व्यवस्था को लेकर बनी संभावित परेशानी फिलहाल टल गई और शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहा। बैंक यूनियनों की ओर से फाइव डे वीक समेत अन्य मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया था। हालांकि सोमवार को हड़ताल स्थगित किए जाने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज प्रभावित नहीं हुआ।