हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि पेंशनर्स की लंबित देनदारियों का जल्द भुगतान नहीं किया गया तो सचिवालय का घेराव किया जाएगा और जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेशभर में पेंशनर्स की मांगों को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले समय में इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सुरेश ठाकुर ने कहा कि 19 नवंबर को धर्मशाला के दाड़ी मैदान में प्रदेशभर के पेंशनर्स एकत्रित हुए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समिति के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए तपोवन विधानसभा बुलाया था, लेकिन प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने पर मुख्यमंत्री बिना बातचीत किए गगल हवाई अड्डे की ओर रवाना हो गए।