इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चों के लिए पहली बार विशेष चिकित्सा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 14 नवंबर को विशेष ओपीडी लगाई जाएगी। इसमें 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और बीमारी की स्थिति का आकलन करेगी। आईजीएमसी के बाल शल्य चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार ठाकुर ने बताया कि स्पाइना बिफिडा एक जन्मजात बीमारी है। इसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी पूरी तरह बंद नहीं हो पाती, जिसके कारण रीढ़ की नसें और तंत्रिका तंत्र प्रभावित हो सकते हैं। इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को चलने-फिरने, पेशाब और मल त्याग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। डॉ. राजकुमार ठाकुर ने बताया कि आईजीएमसी में वर्ष 2018 से स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। अब तक करीब 45 बच्चों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। इस विशेष पहल का उद्देश्य खासकर गरीब परिवारों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले उन बच्चों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जिन्हें उचित उपचार और मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। स्पाइना बिफिडा फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों की टीम बच्चों की बीमारी का आकलन करेगी और उनके परिजनों को आगे के उपचार के बारे में जानकारी देगी। विशेष ओपीडी में ऐसे बच्चों पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है। उनकी जरूरत के अनुसार कस्टमाइज्ड व्हीलचेयर, विशेष ब्रेसिज और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने में मदद की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक बच्चे की शारीरिक जरूरत के हिसाब से उपकरणों का माप लिया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ये उपकरण निःशुल्क उपलब्ध करवाने का प्रयास रहेगा। विशेष ओपीडी का आयोजन 14 नवंबर को आईजीएमसी की नई ओपीडी स्थित कमरा नंबर 206 में किया जाएगा। यह सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच शुरू होगी और शाम 5 से 6 बजे तक चलेगी। आईजीएमसी, टांडा और पीजीआई में उपचार या ऑपरेशन करवा चुके 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे भी इस ओपीडी में पहुंचकर विशेषज्ञों से परामर्श ले सकते हैं। कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए खानपान की व्यवस्था भी की जाएगी। इस कार्यक्रम के तहत 15 नवंबर को स्पाइना बिफिडा से संबंधित अकादमिक सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर बीमारी के उपचार, पेशाब और मल त्याग से जुड़ी समस्याओं के प्रबंधन और बच्चों को सामान्य जीवन के साथ स्कूल की गतिविधियों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। डॉ. राजकुमार ठाकुर ने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि इस जानकारी को अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चे विशेष ओपीडी का लाभ उठा सकें।