फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरोही: आबूरोड में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से 27 वार्डों की सफाई ठप, इन मांगों पर अड़े कर्मचारी

Sun, 01 Nov 2026 08:11 PM IST
सिरोही ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही

सिरोही जिले के सबसे बड़े आबूरोड शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई कर्मचारियों का आंदोलन अब आर-पार की लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। 500 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक काम पर वापसी नहीं होगी। रविवार को नगर पालिका डाक बंगले में हुई बैठक में सहमति नहीं बनने से शहर के 27 वार्डों की सफाई व्यवस्था पर संकट गहरा गया है।

पीएफ-ईएसआई से लेकर समय पर वेतन तक की मांग
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन के तत्वावधान में आयोजित बैठक में सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपनी मांगें रखीं। बैठक में नगर अध्यक्ष राज लाठी, सरपंच जयेश कुमार सैलानी, दीपक गोगलिया, तुलसा बहन, शारदा बहन, सीमा बहन, विजय सारवान और पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश सिंदल ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए।

बैठक में अनिल गोगलिया ने ठेकेदार के प्रतिनिधियों के सामने मांगों का सहमति पत्र पढ़कर सुनाया। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें प्रतिदिन 500 रुपये मजदूरी मिले और इसमें पीएफ तथा ईएसआई का प्रावधान भी शामिल हो।

हर महीने की 5 तारीख तक खाते में मिले वेतन
कर्मचारियों ने मांग की है कि पीएफ और ईएसआई की कटौती नियमित रूप से की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक महीने की 1 से 5 तारीख के बीच वेतन सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि समय पर भुगतान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े लाभ सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

मौसम के अनुसार सुरक्षा उपकरण देने की मांग
मजदूरी और वेतन के अलावा कर्मचारियों ने काम के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि मौसम के अनुरूप जरूरी सुरक्षा सामग्री दी जाए, ताकि सफाई कार्य के दौरान उन्हें परेशानी और जोखिम का सामना न करना पड़े। बैठक में टेंपो चालक, हेल्पर, ट्रैक्टर चालक, सफाई कर्मचारी, ट्रेड यूनियन पदाधिकारी और वाल्मीकि समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सोमवार दोपहर 1 बजे ठेकेदारों और अधिकारियों से होगी वार्ता
रविवार की बैठक में मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद अब सोमवार की वार्ता पर सबकी निगाहें टिकी हैं। 2 नवंबर को दोपहर 1 बजे ठेकेदार और संबंधित अधिकारी कर्मचारियों तथा ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि वार्ता में मांगों पर सहमति बनती है तो कर्मचारी आबूरोड के 27 वार्डों में सफाई कार्य शुरू कर देंगे। यदि सहमति नहीं बनती है तो अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। ऐसे में सोमवार की बातचीत से तय होगा कि शहर की सफाई व्यवस्था बहाल हो पाएगी या आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें