फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: खरगे के दीपावली-ईद वाले बयान पर देवनानी का पलटवार, बोले- दूसरे त्योहारों की तुलना करना उचित नहीं

Tue, 10 Nov 2026 03:19 PM IST
जोधपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दीपावली और ईद को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति सनातन संस्कृति है और सभी को इसका आदर करना चाहिए। हर धर्म और समुदाय के अपने त्योहार और आस्थाएं हैं, जिनका सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, सनातन संस्कृति के साथ दूसरे समुदायों के त्योहारों को जोड़कर तुलना करना उचित नहीं है। खड़गे को इस विषय पर गहराई से विचार करना चाहिए, ताकि किसी की आस्था को ठेस न पहुंचे। मंगलवार को जोधपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए देवनानी ने कहा कि दीपावली के पीछे भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास का महत्व जुड़ा है। इसमें त्याग और मर्यादा का संदेश छिपा है। भगवान राम ने माता के वचन का सम्मान करते हुए राजपाट छोड़कर वनवास स्वीकार किया था। माता सीता भी राजमहल छोड़कर उनके साथ वनवास गई थीं। वहीं, भरत ने राजपाट मिलने के बावजूद सिंहासन पर बैठना स्वीकार नहीं किया। इन त्याग और आदर्शों के कारण दीपावली मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर विजय और अहंकार रूपी रावण के अंत का प्रतीक है। ईद का भी अपना महत्व है, जिसे संबंधित समुदाय के लोग अपनी आस्था के अनुसार मनाते हैं।

पढे़ं: राजस्थान में दिवाली के बाद भी प्रदूषण: श्रीगंगानगर सबसे आगे; जयपुर के इन इलाकों में एक्यूआई सबसे ज्यादा

विधानसभा में होगी हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था
देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। लोकसभा के बाद अब विधानसभा में भी आधुनिक सुरक्षा प्रणाली विकसित की गई है। विधानसभा के गेट पर बैरियर से गाड़ी निकलने के करीब 10 मीटर आगे जमीन में विशेष स्कैनिंग सिस्टम लगाया गया है। यह पूरे वाहन को स्कैन करेगा। गाड़ी में कोई संदिग्ध वस्तु मिलने पर सिस्टम उसे अपने आप रोक देगा और सुरक्षा कर्मियों को अलर्ट मिल जाएगा।

हेलिकॉप्टर में बैठकर देख सकेंगे देश के प्रमुख स्थल
विधानसभा के संग्रहालय में भी नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। संविधान और वंदे मातरम गैलरी में बदलाव के बाद अब एक विशेष हेलिकॉप्टर तैयार किया गया है। इसमें 3-डी तकनीक के माध्यम से देश के प्रमुख स्थलों को देखने का अनुभव मिलेगा। दर्शकों को ऐसा महसूस होगा, जैसे वे अयोध्या के राम मंदिर या मोती डूंगरी के सामने खड़े हों। इसकी राइड 15 से 20 मिनट की होगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले तीन से चार महीने में इसे शुरू करने की योजना है। देवनानी ने कहा कि देश का संविधान मजबूत है और कोई इसे हिला नहीं सकता। लोकतंत्र में सभी को आंदोलन करने की आजादी है। उन्होंने राजस्थान के युवाओं और जेन-जी को राष्ट्रभक्त बताया। जोधपुर में आयोजित मरू निनाद कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रमों से अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश मिलता है। संघ में कभी जाति नहीं पूछी जाती। सामाजिक समरसता व्यवहार और आपसी मेलजोल से स्थापित होती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें