फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धौलपुर: सरपंच चुनाव की रंजिश ने लिया हिंसक रूप, विपिन शर्मा और लालू परमार के समर्थक भिड़े, आधा दर्जन घायल

Mon, 09 Nov 2026 05:46 PM IST
धौलपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धौलपुर

धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र की अजीतपुर ग्राम पंचायत के खेड़ा गांव में सरपंच चुनाव के बाद चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गत 5 नवंबर को सरपंच पद के लिए मतदान हुआ था। अजीतपुर ग्राम पंचायत से विपिन कुमार शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लालू परमार को हराकर सरपंच पद पर जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही नवनिर्वाचित सरपंच विपिन कुमार शर्मा और चुनाव हारने वाले प्रत्याशी लालू परमार के समर्थकों के बीच तनाव बना हुआ था।

पढे़ं: खेत की फेंसिंग में बुरी तरह फंसा पैंथर, घंटों करता रहा छटपटाहट; रणथम्भौर से पहुंची टीम ने किया रेस्क्यू बताया जा रहा है कि रविवार को लालू परमार के कुछ समर्थक खेड़ा गांव में खेतों पर काम करने गए थे। इसी दौरान खेतों के रास्ते से निकलने को लेकर उनका विपिन कुमार शर्मा के समर्थकों से विवाद हो गया। शुरुआत में मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में लामबंद हो गए और लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान गाली-गलौज और पथराव होने की भी बात सामने आई है। हिंसक संघर्ष में उर्मिला पत्नी विशंभर, हर्षित पुत्र विशंभर, विशंभर पुत्र तुला और सूरज पुत्र विशंभर सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों से हमला किया। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात की सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। वहीं, मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
सीओ मनोहर लाल ने बताया कि खेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें