फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: केकड़ी में पटाखेबाजी पर पुलिस की चेतावनी बेअसर, घास भैरू की सवारी से पहले तीन दिन से उपद्रव

Mon, 09 Nov 2026 09:12 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी

दीपावली पर्व पर केकड़ी शहर में पटाखे जलाकर एक-दूसरे पर फेंकने की विकृत परंपरा पर पुलिस की चेतावनी बेअसर साबित हो रही है। पटाखेबाजी रोकने के पुलिस के दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। पिछले तीन दिनों से शहर की कई बस्तियों और बाजारों में शरारती तत्व एक-दूसरे पर पटाखे फेंक रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों को आशंका है कि मंगलवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर निकलने वाली घास भैरू की सवारी के दौरान पटाखेबाजी और उग्र रूप ले सकती है।

निषेधाज्ञा की उड़ रही धज्जियां, तीन दिन से जारी है पटाखेबाजी
पर्व के दौरान प्रतिबंधित पटाखे चलाने और एक-दूसरे पर फेंकने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर सहित पूरे उपखंड क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की है। इसके बावजूद असामाजिक तत्व इसकी खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों से रोज रात को शहर के माणक चौक, सूरजपोल गेट और भैरू गेट सहित कई इलाकों में युवाओं की टोलियां एकत्र होकर पटाखेबाजी कर रही हैं। इससे परेशान स्थानीय लोगों ने पुलिस और उपखंड प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन पटाखेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आई। पुरानी केकड़ी के घनी आबादी वाले इन इलाकों में सोमवार रात भी शरारती तत्वों के सक्रिय होते ही कुछ ही देर में पटाखों के अंगारों और धुएं का गुबार छा गया। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। पटाखेबाजी को लेकर सोमवार को युवकों के दो गुटों के बीच झगड़ा होने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि पटाखे की चपेट में आने से एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी है।

घास भैरू की सवारी के दौरान सबसे ज्यादा होती है पटाखेबाजी
बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों में हुई पटाखेबाजी तो महज एक बानगी है। असली परीक्षा मंगलवार को गोवर्धन पर्व पर घास भैरू की सवारी निकलने के दौरान होगी। यह पुलिस प्रशासन के साथ शहरवासियों के लिए भी चुनौती है। गोवर्धन पर्व पर शाम ढलने के बाद शहर में घास भैरू की सवारी निकाली जाती है। पिछले कई वर्षों से यह सवारी पटाखेबाजी का मुख्य निशाना बनती रही है। इस दौरान शरारती तत्व पटाखे जलाकर एक-दूसरे पर फेंकते हैं और जमकर उपद्रव करते हैं। यह सिलसिला शहर के कई इलाकों में सुबह से ही शुरू हो जाता है, जो रात में घास भैरू की सवारी के दौरान चरम पर पहुंचता है। नगर परिक्रमा पूरी होने तक देर रात तक पटाखेबाजी जारी रहती है।

जमकर हुई प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री
बताया जा रहा है कि केकड़ी में इस बार भी एक-दूसरे पर जलाकर फेंकने में इस्तेमाल होने वाले गंगा-जमुना और सीता-गीता नामक प्रतिबंधित पटाखों की जमकर बिक्री हुई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि घास भैरू की सवारी के दौरान इस बार भी 'अंगारों की होली' के नाम से कुख्यात पटाखेबाजी का नजारा देखने को मिल सकता है। पुलिस प्रशासन ने इस बार भी सख्ती बरतने का दावा किया है। एक-दूसरे पर पटाखे फेंककर उपद्रव करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस अधिकारी शहर के अलग-अलग इलाकों में दौरा कर लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे एक-दूसरे पर पटाखे न फेंकें और त्योहार को सौहार्द के साथ मनाएं। अब देखना यह होगा कि पुलिस की चेतावनी और अपील का इस दूषित परंपरा पर कितना असर होता है और पटाखेबाजी रोकने के लिए किए गए इंतजाम कितने कारगर साबित होते हैं।

अग्नि सुरक्षा के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
शहर में आगजनी की आशंका को देखते हुए नगरपालिका केकड़ी ने दमकल वाहनों की त्वरित उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नगरपालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित रहेगा। राकेश पारीक को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सहायता के लिए उनसे मोबाइल नंबर 9214976082 पर संपर्क किया जा सकता है। अग्नि दुर्घटना की स्थिति में नागरिक आपातकालीन दूरभाष नंबर 01467-220002 पर सूचना दे सकते हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन शिफ्टों में दो दमकल वाहनों की व्यवस्था की गई है। इनके संचालन और राहत कार्यों के लिए मोइनुद्दीन शेख, पांच महिला कर्मचारियों, दमकल चालक कैलाशचंद्र बुनकर, मनीष कटारिया और छह अन्य सदस्यों की टीम तैनात की गई है। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाना है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें