पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना सिटी जगराओं पुलिस ने नगर कौंसिल के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहल्ला रामपुरा में एक कथित नशा तस्कर के घर पर पीला पंजा चलाकर उसे गिरा दिया। कार्रवाई से पहले पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो। थाना सिटी प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी अमरपाल उर्फ सेवक उर्फ गुरसेवक निवासी लंडे फाटक, मोहल्ला रामपुरा, जगराओं के मकान को गिराने की कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, नशा तस्करी और असला एक्ट समेत कुल 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2011 में धारा 379 और 411 के तहत दर्ज हुआ था, जिसमें वह अदालत से बरी हो चुका है। इसके बाद वर्ष 2025 तक आरोपी के खिलाफ कुल 10 मामले दर्ज हुए। इनमें से तीन मामलों में आरोपी को बरी किया जा चुका है, जबकि तीन मामलों में अदालत द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है। बाकी मामले अदालत में विचाराधीन बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम के तहत नशा तस्करी में शामिल आरोपियों और उनकी अवैध संपत्तियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर कौंसिल के साथ मिलकर उक्त मकान को गिराने की कार्रवाई अमल में लाई गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौके पर तैनात रहे और पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने पहले ही क्षेत्र को घेर लिया था, ताकि मकान गिराने की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।