जालंधर में गोराया के पास नेशनल हाईवे पर टैक्सी कार और सड़क किनारे खड़े थ्री-व्हीलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टैक्सी में सवार कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।टैक्सी चालक रणजीत सिंह ने बताया कि वह सवारियों को लेकर पटियाला से ब्यास जा रहा था। जब वह गोराया के पास पहुंचा तो उसकी कार सड़क पर खड़े थ्री-व्हीलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और कार में सवार यात्रियों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर गोराया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।