जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के जोनल सेक्रेटरी सुनील तलवाड़ की माता स्वर्गीय कृष्णा तलवाड़ की रस्म क्रिया में सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया, विधायक सुखविंदर सिंह कोटली सहित कई नेता परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री मुंडिया ने मानसा में समाजसेवी परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और पंजाब का माहौल खराब करने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े मामले पर मुंडिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। उन्होंने घुम्मन को निर्दोष बताते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक बौखलाहट में केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा की नशा मुक्त यात्रा को पंजाब के लोगों से समर्थन नहीं मिलने के बाद एजेंसियों के जरिए राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं।