आम आदमी पार्टी ने यूपीआई ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में जालंधर में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार के इस फैसले को छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए रोष जताया। आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी और पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले लोगों को डिजिटल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए प्रोत्साहित किया और बैंकों को भी डिजिटल भुगतान बढ़ाने के निर्देश दिए। अब जब लोग और छोटे व्यापारी ऑनलाइन भुगतान के आदी हो चुके हैं, तो इस पर शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है। टीनू ने आरोप लगाया कि इससे छोटे दुकानदारों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।टीनू ने यह भी आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से बड़े व्यापारियों और अंतरराष्ट्रीय अमेरिकी कंपनियों को फायदा पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यापारियों के हितों के लिए इस फैसले का विरोध कर रही है। 15 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 2 हजार रुपए से अधिक के कुछ यूपीआई लेनदेन पर 0.4 फीसदी एमडीआर लागू किए जाने की बात कही गई है। 75,000 या उससे अधिक के लेनदेन पर शुल्क अधिकतम 300 रुपए तक सीमित रहेगा। वहीं लेनदेन और 2,000 रुपए तक के कई व्यावसायिक यूपीआई लेनदेन निःशुल्क बने रहने की बात कही गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पंजाब दौरे को लेकर भी पवन टीनू ने केंद्र और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई, मुफ्त बिजली और स्मार्ट स्कूलों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व को बिहार और गुजरात सहित अन्य राज्यों के मुद्दों पर भी ध्यान देना चाहिए। टीनू ने एनसीबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सीमावर्ती राज्यों में नशे की समस्या का मुद्दा उठाया और केंद्र की एजेंसियों की भूमिका पर सवाल किए। प्रदर्शन के दौरान जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी वनीत धीर, जिला अध्यक्ष अमृतपाल, आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी पवन कुमार टीनू और जालंधर कैंट प्रभारी राजविंदर कौर थियाड़ा सहित आम आदमी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।