पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सभी राजनीतिक दल अपनी चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जबकि मालवा क्षेत्र के उम्मीदवारों की अगली सूची को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस की चुनावी घोषणा पत्र कमेटी ने बुधवार को बठिंडा में बैठक कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रदेश के मौजूदा हालात और जनता की अपेक्षाओं को लेकर चर्चा की। इसी बीच अमर उजाला के विशेष अभियान 'क्या बोलता पंजाब' के तहत बठिंडा में आम लोगों और कारोबारियों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया गया कि 2027 में बनने वाली नई सरकार से उनकी क्या उम्मीदें हैं। इस दौरान कारोबारी पवन कुमार, उद्यमी जितेंदर कुमार और दुकानदार नरेश कुमार ने उद्योगों को बढ़ावा देने, व्यापारियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे अहम मुद्दे उठाए। इंडस्ट्री को मिले प्रोत्साहन और युवाओं को रोजगार : पवन कुमार कारोबारी पवन कुमार ने कहा कि पंजाब में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सरकार की नीतियों के साथ-साथ उन्हें लागू करने की इच्छाशक्ति भी जरूरी है। 2027 में बनने वाली नई सरकार को ईमानदारी से स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विस्तार होगा तो रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को अपने ही प्रदेश में काम करने का मौका मिलेगा। सरकार को व्यापारियों और उद्योगपतियों को ऐसी सुविधाएं देनी चाहिए, जिससे वे बिना परेशानी अपनी इंडस्ट्री और कारोबार का विस्तार कर सकें। व्यापारी भयमुक्त होकर कर सकें कारोबार : जितेंदर कुमार उद्यमी जितेंदर कुमार ने कहा कि पंजाब में ऐसा माहौल होना चाहिए, जहां व्यापारी बिना किसी डर और दबाव के अपना कारोबार कर सकें। उन्होंने चिंता जताई कि विदेशों में बैठे गैंगस्टरों की ओर से व्यापारियों और बड़े कारोबारियों को फोन कर धमकियां देने और फिरौती मांगने की घटनाएं कारोबारियों में असुरक्षा पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि नई सरकार को इस समस्या से निपटने के लिए सख्त नीति बनानी चाहिए। विदेशों में बैठकर व्यापारियों को धमकाने वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए इंटरपोल और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद ली जानी चाहिए। सरकार को ऐसी प्रभावी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे अपराधियों में कानून का डर हो और व्यापारी सुरक्षित महसूस करें। कानून व्यवस्था इतनी मजबूत हो कि अपराधी अपराध करने से पहले सोचें : नरेश कुमार दुकानदार नरेश कुमार ने कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था इतनी मजबूत होनी चाहिए कि कोई भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अपराधियों की गतिविधियों के कारण व्यापारियों और आम लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। नई सरकार को ऐसी ठोस नीतियां और सख्त कानून बनाने चाहिए, जिनसे अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी स्थिति होनी चाहिए कि व्यापारी निडर होकर अपना कारोबार करें और अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने से पहले कानून के डर से कई बार सोचें। इसके लिए सरकार को कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को प्राथमिकता देनी होगी।