बाबा फरीद आगमन पर्व-2026 के समापन अवसर पर बुधवार को शहर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद से गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब तक निकाले गए विशाल नगर कीर्तन में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। नगर कीर्तन के दौरान पूरा शहर सतनाम वाहेगुरु के जयघोष से गूंजता रहा। नगर कीर्तन से पहले गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ के भोग डाले गए और संगत की ओर से अरदास की गई। इसके बाद पांच प्यारों की अगुवाई तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में नगर कीर्तन का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालु बड़ी संख्या में नगर कीर्तन के साथ चलते हुए गुरबाणी का जाप करते नजर आए। नगर कीर्तन शहर के विभिन्न बाजारों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब पहुंचा। रास्ते में दुकानदारों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा विभिन्न संगठनों की ओर से नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर, प्रसाद और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई थी। नगर कीर्तन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा एवं यातायात के विशेष प्रबंध किए गए। पुलिस लाइन के बाहर जिला पुलिस की टुकड़ी ने नगर कीर्तन को सलामी दी। विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब में बाबा फरीद धार्मिक एवं शिक्षण संस्थाओं के प्रधान सिमरजीत सिंह सेखों की अध्यक्षता में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाजसेवी जसविंदर सिंह खालसा को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बाबा फरीद अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं संत ऋषि राम को इंदरजीत सिंह खालसा यादगारी अवार्ड प्रदान किया गया। नगर कीर्तन के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल, डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा और एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस सहित विभिन्न राजनीतिक, प्रशासनिक, पुलिस और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी शिरकत की। इस अवसर पर बाबा फरीद संस्थाओं के सदस्य चरणजीत सिंह सेखों, सुरिंदर सिंह रोमाणा, डॉ. गुरिंदर मोहन सिंह, दीपइंदर सिंह सेखों, कुलजीत सिंह मौगियां, गुरजाप सिंह सेखों और नरेंद्र पाल सिंह बराड़ सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।