पंजाब सरकार की ओर से भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं और आदर्शों को समर्पित नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन 30 अगस्त को जैनसिस इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च, में किया जाएगा। यह जानकारी पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन नील गर्ग ने जिला परिषद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। गर्ग ने बताया कि नाटक में भगवान श्री राम जी के आदर्शों और शिक्षाओं को प्रभावशाली एवं सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा सहित अन्य नामी कलाकार प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भगवान श्री राम जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा सत्य, न्याय, दया और एकता का संदेश देना है। साथ ही, इसके माध्यम से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। नाटक का पहला शो दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक और दूसरा शो शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक होगा। नाटक के लिए पास विधायक फिरोजपुर शहरी रणबीर सिंह भुल्लर, विधायक फिरोजपुर देहाती रजनीश दहिया तथा आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष हरजिंदर सिंह घागा के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा बुकमायशो के माध्यम से भी टिकट बुक की जा सकती है। आयोजकों के अनुसार शो के लिए प्रवेश बिल्कुल नि:शुल्क रहेगा।