पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी के कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और कर्मचारियों के बीच गतिरोध बरकरार है। पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब 25/11 के प्रधान रेशम सिंह गिल ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार की ओर से बार-बार बैठकों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री पंजाब के साथ 17 सितंबर को प्रस्तावित बैठक को सरकार द्वारा स्थगित कर 24 सितंबर 2026 को निर्धारित किया गया था। यूनियन का आरोप है कि सरकार लगातार बैठकों के माध्यम से समय टाल रही है, लेकिन कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा। रेशम सिंह गिल ने बताया कि इसी रोष के चलते 18 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की नीतियों और कर्मचारियों की मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी देने तथा सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करवाने का कार्यक्रम बनाया गया था। इसके साथ ही 22 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी डिपो कमेटियों को 19 और 20 सितंबर को डिपो स्तर पर बैठकें कर कर्मचारियों को लामबंद करने तथा पक्के धरने सहित संघर्ष की तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, बाद में परिवहन मंत्री के साथ 24 सितंबर को होने वाली बैठक को देखते हुए हड़ताल को 24 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है। यूनियन के अनुसार, 24 सितंबर की बैठक में सरकार के साथ बातचीत के बाद ही आगे के संघर्ष को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। यूनियन प्रधान रेशम सिंह गिल ने सभी कर्मचारियों से एकजुट रहने और आगामी बैठक के बाद यूनियन द्वारा लिए जाने वाले फैसले के अनुसार संघर्ष में सहयोग करने की अपील की।