पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत तहसील विभाग के अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि गांवों में बड़ी संख्या में लोगों के मकान लाल लकीर के दायरे में आते हैं। इसके चलते उन्हें अपनी संपत्ति का मालिकाना हक साबित करने में परेशानी होती थी और बैंक से लोन सहित सरकार की कई सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। सरकार की ओर से ऐसे मकानों और जमीनों का रिकॉर्ड तैयार कर ग्रामीणों को प्रॉपर्टी कार्ड दिए जा रहे हैं। कार्ड मिलने से लोगों को अपनी संपत्ति का कानूनी दस्तावेज उपलब्ध होगा और वे बैंक से ऋण लेने सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। ग्रामीणों ने प्रॉपर्टी कार्ड मिलने पर सरकार और तहसील विभाग का आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का अधिकार दिलाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।