ममदोट के नजदीकी गांव खूंदर उताड़ स्थित श्री गुरु रामदास बायो फ्यूल फैक्टरी में पराली के भंडार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पराली के दो बड़े ढेर जलकर राख हो गए। इस घटना में फैक्टरी मालिक को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार फैक्टरी में लगी आग की लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर फिरोजपुर और जलालाबाद से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फैक्टरी मालिक चंदन मेहता ने बताया कि उनकी फैक्टरी में धान की पराली की गांठों से ईंधन तैयार किया जाता है।