फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से शहीद बाबा जीवन सिंह के जन्मदिवस को समर्पित राज्य स्तरीय विशाल समागम जीरा में करवाया गया। इसमें पंजाब के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों ने भाग लिया। बसपा की राष्ट्रीय व प्रदेश लीडरशिप ने शहीद बाबा जीवन सिंह की कुर्बानी और सामाजिक बराबरी के संदेश को याद किया। समागम में बसपा के राष्ट्रीय प्रभारी रामजी गौतम, पंजाब अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी, मुख्य सेक्टर प्रभारी सुरेश राव एडवोकेट, केंद्रीय प्रभारी रणधीर सिंह बैनीवाल और जीरा से पार्टी नेता सुखदेव सिंह जीरा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। रामजी गौतम ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी पार्टी के प्रति उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बसपा ‘बेगमपुरा’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और 2027 के विधानसभा चुनावों में बहुजन समाज की सरकार बनाने के लिए घर-घर पहुंचेगी। नेताओं ने पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी और किसान समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नशे के खात्मे के लिए ठोस नीति, युवाओं को रोजगार और शिक्षा को मजबूत करने की जरूरत है। सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रस्तावित 246 फुट चौड़े बांध/कॉरिडोर प्रोजेक्ट का मुद्दा उठाते हुए नेताओं ने कहा कि उपजाऊ जमीन प्रभावित होने पर किसानों का उजाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समागम के दौरान जीरा में कार्यक्रम स्थल से करीब 100 मीटर दूर हुई फायरिंग की घटना को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। अंत में कार्यकर्ताओं ने 2027 में बसपा को मजबूत कर पंजाब में बदलाव लाने का संकल्प लिया।