पंजाब की मंडियों में धान की लिफ्टिंग में हो रही देरी को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानी के बीच शिरोमणि अकाली दल के नेता एवं पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ ने पंजाब सरकार को घेरा है। कोटकपूरा विधानसभा क्षेत्र के गांव दाना रोमाणा की अनाज मंडी में पहुंचे बराड़ ने धान की खरीद और लिफ्टिंग के प्रबंधों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से मंडियों में धान की खरीद और समय पर लिफ्टिंग के पुख्ता प्रबंध होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। मंडियों में धान के ढेर लगे हुए हैं और समय पर उठान न होने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बराड़ ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करता है, लेकिन मंडियों में पहुंचने के बाद उसे अपनी उपज बेचने और उठान करवाने के लिए कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। लिफ्टिंग में देरी के कारण मंडियों में जगह की कमी हो रही है, जिससे नई फसल लेकर आने वाले किसानों की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खरीद प्रबंधों को लेकर बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन किसानों को समय पर राहत देने में नाकाम साबित हो रही है। मंडियों में फसल की संभाल और समय पर उठान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा हालात किसानों की परेशानी को और बढ़ा रहे हैं। पूर्व विधायक ने सरकार से मांग की कि मंडियों में धान की लिफ्टिंग में तेजी लाई जाए और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में बेवजह परेशान न होना पड़े।