तरनतारन के श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज के लाइब्रेरियन तरसेम सिंह द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली गई। आत्महत्या से पहले तरसेम सिंह द्वारा बनाए गए एक सुसाइड वीडियो में कालेज के सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह पर रिश्वत को लेकर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद मामले की पड़ताल शुरु कर दी है। भगवान वाल्मीकि कालोनी निवासी 45 वर्षीय तरसेम सिंह ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी किया। जिसमें उसने खुलासा किया कि सरकारी कालेज में तैनात सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह द्वारा उसे बिना वजह तंग करके रिश्वत मांगी जाती थी। दो बार वह पांच-पांच हजार रुपये दे चुका है, लेकिन अब तीसरी बार मेडिकल छुट्टी पास करवाने के नाम पर दोबारा पैसे मांगे जा रहे थे। रिश्वत न देने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकियां दी जाती थीं। पत्नी नीतू मुताबिक तरसेम सिंह ने परिवार से कहा कि उसका शव कालेज समक्ष रखा जाए। सोमवार को तरसेम सिंह का शव कालेज के मुख्य गेट के पास रखकर प्रदर्शन किया गया। पिता संतोख सिंह, बहन निर्मला, पत्नी नीतू ने सुपरिटेंडेंट जगतार सिंह खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि शव कब्जे में लेकर वीडियो के आधार पर जगतार सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।