सीमावर्ती गांवों में चीन निर्मित स्मार्ट बिजली मीटरों से सिम कार्ड (चिप) चोरी होने की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। इन मामलों की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं, लेकिन अभी तक चिप चोरी करने वालों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। चिप के संभावित दुरुपयोग को लेकर सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं। ग्रामीणों में आशंका है कि कहीं इनका इस्तेमाल भारत-पाकिस्तान सीमा पर सक्रिय तस्करों अथवा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े लोगों द्वारा तो नहीं किया जा रहा। सीमावर्ती गांव जल्लोके निवासी सुलखन सिंह ने बताया कि उनके स्मार्ट बिजली मीटर से सिम कार्ड चोरी हो गया है। इसी गांव के एक अन्य व्यक्ति के मीटर से भी चिप चोरी होने की बात सामने आई है। इस संबंध में बिजली विभाग को शिकायत दी गई है। वहीं, गट्टी रहीमेके पंचायत के निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि जब उनके मीटर से चिप नहीं निकली तो पूरा स्मार्ट बिजली मीटर ही चोरी कर लिया गया। उधर, बिजली विभाग के जेई सुरजीत सिंह ने बताया कि उनके पास स्मार्ट मीटरों से चिप चोरी होने की करीब 15 शिकायतें पहुंच चुकी हैं। इन शिकायतों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग शिकायत दर्ज नहीं करवाते, इसलिए चिप चोरी की वास्तविक घटनाओं की संख्या इससे अधिक हो सकती है।