फरीदकोट में दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए लोगों को साफ-सुथरी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को फरीदकोट, कोटकपूरा सहित आसपास के क्षेत्रों में मिठाइयों की दुकानों पर दबिश देकर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा के दिशा-निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से दशहरा पर्व से ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को भी जिले के विभिन्न स्थानों पर फूड सेफ्टी अफसर नवदीप चाहल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इस मौके पर फूड सेफ्टी अफसर नवदीप चाहल ने बताया कि खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने की प्रक्रिया पूरे साल जारी रहती है, लेकिन त्योहारों के सीजन में निगरानी और अधिक बढ़ा दी जाती है। उन्होंने बताया कि इस साल दशहरे से लेकर अब तक विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 45 सैंपल भरे जा चुके हैं। इनमें से कुछ की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जबकि बाकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।