फरीदकोट जिले में थाना जैतो पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव ढिलवां कलां निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ लूंगर, गांव सरावां निवासी सतवंत सिंह उर्फ जस्सू, गांव ढैपई निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन और गांव रामूवाला डेलियांवाली निवासी रवि सिंह के रूप में हुई जिनकी निशानदेही पर 10 चोरी के मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैस के दिशा निर्देश पर थाना जैतो के एएसआई इकबाल सिंह समेत पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और गश्त के सिलसिले में जैतो शहर में मौजूद थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन जैतो के पास पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर जैतो और आसपास के गांवों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें आगे बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर 10 चोरी के मोटरसाइकिल बरामद किए गए। इस मामले में डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में लूटपाट और अन्य धाराओं के तहत कुल सात मामले दर्ज हैं। अब इन्हें रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।