किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर के आह्वान पर सोमवार को किसान-मजदूर संगठनों ने डीसी कार्यालय फिरोजपुर के बाहर विशाल रोष धरना दिया। इस दौरान पंजाब सरकार के नाम डीसी के माध्यम से मांग पत्र सौंपकर किसानों और मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग की गई। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सभरा, बीकेयू बहिराम के चमकौर सिंह उस्मानवाला, बीकेयू क्रांतिकारी के बलदेव सिंह जीरा और किसान मजदूर मोर्चा के मलकीत सिंह गुलामी वाला ने कहा कि शंभू और खनौरी मोर्चों से किसानों की ट्रॉलियों समेत जब्त व चोरी किया गया सामान वापस किया जाए और हुए नुकसान की भरपाई की जाए। उन्होंने केंद्र सरकार के बीज बिल एक्ट-2025, जी राम जी एक्ट-2025 और बिजली संशोधन बिल को रद्द करने तथा प्रीपेड मीटर लगाने बंद करने की मांग की। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता रद्द करने, आबादकार किसानों को पक्के मालिकाना हक देने और लैंड पूलिंग नीति वापस लेने की भी मांग उठाई गई। नेताओं ने बासमती, मक्का, मूंग, सरसों और आलू की एमएसपी से ऊपर लाभकारी मूल्य पर सरकारी खरीद सुनिश्चित करने, किसानों-मजदूरों का कर्ज माफ करने तथा बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की। मनरेगा को पुराने स्वरूप में जारी रखने और मल्लांवाला-पट्टी-घरियाला रेलवे लाइन के लिए किसानों की सहमति लेने की मांग भी रखी गई। धरने में विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।