साइबर ठगों ने अब मोबाइल फोन को हैक कर ऑनलाइन ठगी करने का नया तरीका अपनाया है। ऐसा ही एक मामला फरीदकोट में सामने आया है, जहां पंजाब पुलिस के सीआईडी विंग में तैनात एक कर्मचारी के बैंक खाते से 1.90 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर स्टेट साइबर क्राइमपुलिस स्टेशन मोहाली में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर थाना साइबर क्राइम फरीदकोट में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह कैंथ ने बताया कि पिछले माह 17 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन अपने आप अपडेट होने लगा और अपडेट के बाद दोबारा चालू हो गया। अगले दिन 18 अक्टूबर को भी इसी तरह मोबाइल फोन अपने आप अपडेट हुआ। इसके कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर उनके एचडीएफसी वाले बैंक खाते से 45 हजार और 50 हजार रुपये कटने के मैसेज आए। जब उन्होंने गूगल-पे के माध्यम से खाते की जांच की तो पता चला कि 17 अक्टूबर को उनके खाते से 95 हजार निकले हुए थे। इस तरह उनके खाते से कुल 1.90 लाख रुपये निकाले गए। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई जिसके आधार पर स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज हुई और अब थाना साइबर क्राइम फरीदकोट ने उक्त जीरो एफआईआर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है और शिकायतकर्ता का फोन हैक कर उसके बैंक खाते से आगे जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए,उन खातों के रिकार्ड की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी शिनाख्त कर पीड़ित के पैसों की रिकवरी करवाई जाएगी।