जिला अदालत फिरोजपुर और सब-तहसील जीरा व गुरुहरसहाय में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी फिरोजपुर सुमीत मल्होत्रा ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं अथॉरिटी और पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों के तहत लोक अदालत लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्री-लोक अदालतें भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि विभिन्न मामलों की सुनवाई कर उनका आपसी सहमति से निपटारा किया जा सके। इसमें सिविल मामले, पारिवारिक विवाद, बैंक रिकवरी, चेक बाउंस, बीमा क्लेम, राजस्व विभाग से जुड़े मामले, ट्रैफिक चालान और समझौतायोग्य आपराधिक मामलों की सुनवाई होगी। गंभीर और गैर-समझौतायोग्य आपराधिक मामले इसमें शामिल नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में हुए फैसले अंतिम होते हैं और इनके खिलाफ अपील नहीं की जा सकती। इन फैसलों को सिविल अदालत की डिक्री के बराबर कानूनी मान्यता प्राप्त है। इससे लोगों का समय और पैसा बचता है। उन्होंने आम लोगों से अपने योग्य मामलों का लोक अदालत में निपटारा करवाने की अपील की।