पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सर्दी के मौसम के बीच राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) जल्द ही मालवा क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों के नाम अपनी दूसरी सूची में जारी कर सकती है। इससे पहले पार्टी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। इसी बीच कांग्रेस की चुनावी घोषणा पत्र कमेटी ने बुधवार को बठिंडा में बैठक की। बैठक में पार्टी से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से पंजाब के मौजूदा हालात और जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। वहीं, अमर उजाला के विशेष अभियान 'क्या बोलता पंजाब' के तहत बठिंडा में आम लोगों की राय भी जानी गई कि 2027 में पंजाब को कैसी सरकार चाहिए। इस दौरान व्यापारी जितेंदर कुमार ने कारोबार से जुड़े मुद्दे उठाए, जबकि पवन कुमार ने उद्योग और रोजगार को लेकर अपनी बात रखी। कानून व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर नरेश कुमार ने सरकार से ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई। इस दौरान लोगों ने स्पष्ट किया कि आगामी सरकार के लिए उद्योग, रोजगार, व्यापार की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और नशे पर नियंत्रण जैसे मुद्दे अहम रहेंगे।