कपूरथला के गांव लखन के पड्डा में चोरों ने एक एनआरआई के बंद मकान को निशाना बना लिया। चोर घर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सामान खंगालने के बाद नकदी, मोबाइल फोन समेत घरेलू सामान चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। गांव रमीदी निवासी अमरजीत सिंह बल्ल ने बताया कि वह सतनाम सिंह पड्डा के मामा का बेटा है। सतनाम सिंह करीब डेढ़ माह पहले अमेरिका गया था। घर की चाबी उसके पास रहती है और वह समय-समय पर मकान की देखभाल के लिए चक्कर लगाता रहता था। उन्होंने बताया कि सतनाम सिंह ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी और मकान की जांच करने के लिए कहा। इसके बाद जब वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे। अंदर पेटियों और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से टूटियां, बर्तन, करीब दो से चार हजार रुपये की नकदी और एक कीमती मोबाइल फोन गायब मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की जांच कर रहे एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।